संभल में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, मस्जिद व मदरसा हटाने की कार्रवाई शुरू

प्रशासन के अनुसार, गांव में गाटा संख्या 623, जो सरकारी खाद के गड्ढे की जमीन के रूप में दर्ज है, उस पर अवैध रूप से मस्जिद, मदरसा और कुछ दुकानों का निर्माण किया गया था।

संभल में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, मस्जिद व मदरसा हटाने की कार्रवाई शुरू
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —

संभल/जनमत न्यूज। जनपद संभल के असमोली थाना क्षेत्र के मुबारकपुर बंद गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे के बाद शुरू हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई।

प्रशासन के अनुसार, गांव में गाटा संख्या 623, जो सरकारी खाद के गड्ढे की जमीन के रूप में दर्ज है, उस पर अवैध रूप से मस्जिद, मदरसा और कुछ दुकानों का निर्माण किया गया था। इस संबंध में शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर तहसीलदार कोर्ट द्वारा 28 मार्च को कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे।

बताया जा रहा है कि 30 मार्च से स्थानीय स्तर पर मजदूरों के माध्यम से निर्माण हटाने का कार्य शुरू हुआ था। इसके बाद 31 मार्च से मुस्लिम समुदाय के लोगों ने स्वयं आगे आकर मदरसा और करीब पांच दुकानों को आंशिक रूप से तोड़ना शुरू कर दिया था, लेकिन पूरा निर्माण नहीं हटाया जा सका।

अधूरी कार्रवाई को देखते हुए प्रशासन ने अब बुलडोजर के जरिए अवैध निर्माण को पूरी तरह हटाने का निर्णय लिया। इसी क्रम में मस्जिद और उसकी करीब 35 फीट ऊंची मीनार को भी गिराने की कार्रवाई शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।