मथुरा में सीएम योगी ने संतों को किया सम्मानित, 1051 करोड़ की विकास परियोजनाओं की दी सौगात
उप्र के मथुरा जनपद के स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृज के पूज्य संतों को शॉल, माला और प्रसाद देकर सम्मानित किया।
मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट
मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र के मथुरा जनपद के स्वामी श्री हरिदास प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृज के पूज्य संतों को शॉल, माला और प्रसाद देकर सम्मानित किया। इस दौरान निकुंज धाम के महंत विजय कौशल दास, फूलडोल दास देवाचार्य, सुतीक्ष्णदास महाराज, बलराम दास महाराज सहित 15 प्रमुख संतों का सम्मान हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान प्रसाद धानुका स्कूल की 15 छात्राओं द्वारा वंदे मातरम गायन से हुई। कलर्स ऑफ कृष्णा के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान 1051 करोड़ की विकास परियोजनाओं और हरिदास प्रेक्षागृह पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन किया गया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 2972 लाभार्थियों को 11.01 करोड़, विश्वकर्मा श्रम सम्मान में 3555 लोगों को टूल किट, मत्स्य संपदा योजना में 20 लोगों को 64 लाख और नंदिनी कृषक योजना में 6 किसानों को 70.80 लाख का लाभ दिया गया। इसके अलावा आवास, कन्या विवाह और कृषक दुर्घटना योजना के लाभार्थियों को चेक और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर सीएम ने पूर्व आईएएस आराधना जौहरी की पुस्तक 'Echoes of Divinity' का विमोचन भी किया। ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, खजानी वेलफेयर सोसायटी और पुरोहित समाज ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंट किए।
कार्यक्रम में गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, सांसद हेमा मालिनी, विधायक श्रीकांत शर्मा, महापौर विनोद अग्रवाल, जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




