उरई: कच्ची छत के नीचे गुजरती थी जिंदगी, अब पीएम और सीएम आवास योजना के तहत हुए लाभान्वित

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने उप्र के जालौन जिले के हजारों जरूरतमंद परिवारों को सिर्फ पक्की छत ही नहीं दी, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी लाई है।

उरई: कच्ची छत के नीचे गुजरती थी जिंदगी, अब पीएम और सीएम आवास योजना के तहत हुए लाभान्वित
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। बारिश आती थी तो चिंता सताती थी छत टपकती थी तो रात जागकर कटती थी। कच्ची दीवारों और असुरक्षित छत के बीच जिंदगी गुजार रहे गरीब परिवारों के लिए अपना पक्का घर किसी सपने से कम नहीं था। आज वही सपना हकीकत बन चुका है।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने उप्र के जालौन जिले के हजारों जरूरतमंद परिवारों को सिर्फ पक्की छत ही नहीं दी, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी लाई है।

जनपद जालौन में अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 26,668 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 5,870 परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा चुका है। कभी कच्चे घरों में रहने वाले इन परिवारों के लिए आज उनका अपना पक्का मकान सरकारी योजना का लाभ भर नहीं, बल्कि जिंदगी बदल देने वाला अनुभव बन गया है।

आवास की सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में पहुंचने से योजना में पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो रही है। नदीगांव विकास खण्ड के ग्राम खकसीस की लक्ष्मी की कहानी इसी बदलाव की तस्वीर है। लक्ष्मी के परिवार के सामने सबसे बड़ी चिंता सुरक्षित छत की थी।

कच्चे मकान में रहने के दौरान बारिश और मौसम की खराबी परिवार के लिए परेशानी लेकर आती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के बाद जब उनके परिवार को अपना पक्का घर मिला तो वर्षों की चिंता दूर हो गई। अब उनके परिवार के पास ऐसी छत है, जिसके नीचे वे मौसम की चिंता किए बिना सुकून से रह सकते हैं।

महेवा विकास खण्ड के ग्राम सिमरा शेखपुर की रामबेटी के जीवन में भी मुख्यमंत्री आवास योजना ने नई रोशनी लाई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनवा पाना उनके लिए आसान नहीं था। योजना के माध्यम से मिली मदद से उनका अपना पक्का घर तैयार हुआ। रामबेटी के लिए यह सिर्फ ईंट और सीमेंट से बना मकान नहीं, बल्कि परिवार के सुरक्षित भविष्य की नींव है।

अपने घर की पक्की छत के नीचे परिवार के साथ रहना उनके लिए वर्षों पुराने सपने के पूरा होने जैसा है। वहीं रामपुरा विकास खण्ड के ग्राम फतेहपुराकलां निवासी राममोहन के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना किसी सहारे से कम नहीं रही। आर्थिक परेशानियों के बीच पक्का घर बनवाना उनके लिए बड़ी चुनौती थी।

सरकारी योजना का लाभ मिलने के बाद यह चुनौती आसान हुई और परिवार को अपना सुरक्षित आशियाना मिल गया। राममोहन के जीवन में आया यह बदलाव बताता है कि जब सरकार की योजना सही जरूरतमंद तक पहुंचती है तो उसका असर कागजों से निकलकर सीधे परिवार की जिंदगी में दिखाई देता है।

इन परिवारों की तरह जनपद के हजारों गरीब परिवारों के लिए पक्के आवास का सपना अब हकीकत बन चुका है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना का उद्देश्य ऐसे पात्र परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है, जो कच्चे अथवा असुरक्षित घरों में जीवन यापन कर रहे थे।

योजना के तहत मिलने वाली सहायता सीधे बैंक खाते में पहुंचने से लाभार्थियों को आर्थिक मदद के साथ व्यवस्था पर भरोसा भी मिला है। एक पक्का मकान किसी गरीब परिवार के लिए सिर्फ चार दीवारें नहीं होता, वह बच्चों के सपनों की छत, परिवार की सुरक्षा और सम्मान से जीने का आधार होता है।

जालौन में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के जरिए यही बदलाव हजारों परिवारों के जीवन में दिखाई दे रहा है जहां कभी बारिश की बूंदों से बचने की चिंता थी, वहां अब अपने पक्के घर में बेहतर कल के सपने आकार ले रहे हैं।