हरदोई में विश्व स्तनपान सप्ताह का समापन, मेडिकल कॉलेज में माताओं को स्तनपान के प्रति किया गया जागरूक
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में 1 से 7 अगस्त तक मनाए गए विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतिम दिन मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू (SNCU), एनआरसी (NRC) और पिकू (PICU) वार्ड में भर्ती बच्चों की माताओं को स्तनपान के महत्व एवं परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पीडियाट्रिक्स विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मेघा गुप्ता ने माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नवजात शिशु को जन्म के पहले एक घंटे के भीतर स्तनपान अवश्य कराना चाहिए।
उन्होंने बताया कि मां का पहला गाढ़ा पीला दूध (कोलोस्ट्रम) शिशु के लिए अमृत समान होता है, जो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि समय पर स्तनपान शुरू करना मां और शिशु, दोनों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में काउंसलर गरिमा शुक्ला ने परिवार नियोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के बीच उचित अंतर बनाए रखने के लिए परिवार नियोजन का कोई न कोई सुरक्षित साधन अवश्य अपनाना चाहिए।
इससे न केवल जन्म लेने वाला शिशु स्वस्थ रहता है, बल्कि मां का स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहता है और उचित अंतराल के बाद जन्म लेने वाला दूसरा बच्चा भी स्वस्थ होता है।
सप्ताहभर चले इस जागरूकता अभियान के दौरान माताओं को स्तनपान के लाभ, नवजात शिशु की देखभाल तथा परिवार नियोजन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. जे.बी. गोगोई, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुबोध सिंह तथा गायनी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मधुलिका शुक्ला का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।




