चंदौली मेडिकल कॉलेज में फिर सामने आया भ्रष्टाचार का मामला, आपरेशन के नाम पर धनउगाही; डीएम ने वापस कराया पैसा
उप्र के चंदौली जिले में एक बार फिर कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। पूरा मामला बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज से संबंधित जिला अस्पताल का है। अस्पताल के आर्थो विभाग में मरीज के आपरेशन के नाम पर 25 हजार मांगने का आरोप है।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जिले में एक बार फिर कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। पूरा मामला बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज से संबंधित जिला अस्पताल का है। अस्पताल के आर्थो विभाग में मरीज के आपरेशन के नाम पर 25 हजार मांगने का आरोप है।
आरोप है कि दलाल मनीष चौहान के माध्यम से इलाज कर रहे चिकित्सक ने रकम मांगी। मोल-भाव के बाद 19 हजार में कथित तौर पर सौदा तय होने का दावा किया गया है। मरीज प्रेम चौहान के परिजन ने 19 हजार ऑनलाइन ट्रांसफर किए।
परिजनों ने रकम भुगतान के बाद इलाज शुरू होने का दावा किया है। डीएम के औचक निरीक्षण में भ्रष्टाचार के कथित मामले का खुलासा हुआ। डीएम के सख्त तेवर के बाद मरीज के रुपए वापस हुए।
पहले भी भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्ल्यू ने आंदोलन की राह अपनाई थी। पूर्व विधायक के आरोपों के मद्देनजर डीएम के निर्देशन में पांच सदस्यीय अधिकारियों की टीम मामले की जांच कर रही है।
जांच-पड़ताल के बीच ही एक नए भ्रष्टाचार के जिन्न के बाहर आने से हड़कंप मच गया है। डीएम के निरीक्षण में मामले के खुलासे के बाद भी दोषियों पर कार्रवाई नहीं होना बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। मरीज के तीमारदारों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।




