रामपुर: 90 वर्षीय बुजुर्ग को पुलिस ने परिजनों से मिलाया, आंखों से छलक पड़े खुशी के आंसू
उप्र के रामपुर जनपद के शाहबाद तहसील के थाना पटवाई क्षेत्र के ग्राम सूपा निवासी करीब 90 वर्षीय करनैल सिंह पुत्र अमर सिंह, जो मानसिक रूप से कमजोर बताए जा रहे हैं
रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के रामपुर जनपद के शाहबाद तहसील के थाना पटवाई क्षेत्र के ग्राम सूपा निवासी करीब 90 वर्षीय करनैल सिंह पुत्र अमर सिंह, जो मानसिक रूप से कमजोर बताए जा रहे हैं और अपना नाम-पता व परिवार के सदस्यों के नाम बताने में असमर्थ हैं, शुक्रवार को घर से निकलकर भटकते हुए थाना शाहबाद क्षेत्र के ग्राम मलपुर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम मलपुर निवासी देवेंद्र सिंह पुत्र हरपाल सिंह ने रात करीब 9:30 बजे पुलिस को सूचना दी कि गांव में एक करीब 90 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति डंडे के सहारे इधर-उधर घूम रहे हैं और अपना नाम-पता बताने में असमर्थ हैं।
सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम तथा चौकी प्रभारी ढकिया मनोज कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद बुजुर्ग की पहचान करनैल सिंह निवासी ग्राम सूपा, थाना पटवाई के रूप में कर उनके परिजनों से संपर्क किया।
पुलिस ने उनके पोते गगनप्रीत सिंह पुत्र अजब सिंह तथा चाचा गुरमीत सिंह पुत्र नारायण सिंह को सूचना दी। बुजुर्ग के मिलने की खबर सुनकर परिजन तत्काल ग्राम मलपुर पहुंचे। अपने दादाजी को सकुशल देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
परिजनों ने ढकिया चौकी प्रभारी मनोज कुमार मिश्र सहित थाना शाहबाद पुलिस का आभार जताया और करनैल सिंह को अपने साथ सकुशल घर ले गए। पुलिस की तत्परता से करीब 90 वर्षीय गुमशुदा बुजुर्ग अपने परिवार से दोबारा मिल सके।



