अमेठी: दुर्गा मूर्ति विसर्जन को लेकर एसपी ने किया आम घाट का निरीक्षण, संबंधित अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
उप्र के अमेठी जिले में आगामी दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र के अंतर्गत आम घाट का निरीक्षण किया।
अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट
अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जिले में आगामी दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र के अंतर्गत आम घाट का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने घाट के गहरे जल क्षेत्र में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग कराने और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही घाट पर पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, गोताखोरों की तैनाती तथा समुचित पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और यातायात सुचारु रखने पर भी विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



