हरदोई में सड़क बनी तालाब, घुटनों तक पानी में स्कूल जाने को बच्चे मजबूर; खुली बदहाल व्यवस्था की पोल

उप्र के हरदोई जिले की बिलग्राम तहसील क्षेत्र के मल्लावां में बारिश ने जहां एक ओर मौसम सुहाना किया है तो वहीं मल्लावां ब्लॉक क्षेत्र में जलभराव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

हरदोई में सड़क बनी तालाब, घुटनों तक पानी में स्कूल जाने को बच्चे मजबूर; खुली बदहाल व्यवस्था की पोल
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जिले की बिलग्राम तहसील क्षेत्र के मल्लावां में बारिश ने जहां एक ओर मौसम सुहाना किया है तो वहीं मल्लावां ब्लॉक क्षेत्र में जलभराव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शाहपुर पवार बाजार से शिरसैया मार्ग पर भारी जलभराव के चलते सड़क पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गई है।

इस बीच स्कूली बच्चों के पानी के बीच से गुजरने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है वीडियो वायरल होने के बाद एसडीएम ने संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि स्कूली छात्र-छात्राएं घुटनों तक भरे गंदे पानी के बीच अपनी साइकिलें खींचकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। पानी इतना अधिक है कि साइकिल चलाना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में बच्चों के गिरने, चोटिल होने और उनकी किताबें-कॉपी खराब होने का खतरा बना हुआ है।

जलभराव के कारण छोटे बच्चों को स्कूल भेजने में अभिभावक भी चिंतित हैं। वहीं रोजमर्रा के काम से बाजार और आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले ग्रामीणों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि शाहपुर पवार बाजार से शिरसैया जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क रास्ता है, लेकिन जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर साल बारिश के मौसम में यहां जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है सड़क पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ ग्रामीणों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।

ग्रामीण संतराम, मनोज तिवारी, भैया लाल और सर्वेश ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के साथ-साथ जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था बेहद जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान सड़क तालाब में तब्दील न हो।

अब वायरल वीडियो के सामने आने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी जल्द मौके का निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराएंगे। वही इस मामले में एसडीएम नन्हे राम ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित खंड विकास अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।