डिप्टी सीएम केशव मौर्य का कौशाम्बी दौरा, "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत किया पौधरोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कौशाम्बी पहुंचे उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट
कौशाम्बी/जनमत न्यूज़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कौशाम्बी पहुंचे उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के 300 प्लस सीटें जीतने का दावा किया।
वहीं अखिलेश यादव के जातिगत एनकाउंटर वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अपराध करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होती है। उन्होंने कौशाम्बी के विकास को लेकर स्थानीय सपा सांसद और विधायकों पर भी निशाना साधा।
कौशाम्बी पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सबसे पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और उनकी समस्याओं को सुना। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरित भारत के विजन को साकार करने के लिए देशभर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखरेख की भी लगातार समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने राजनीतिक सवालों पर जवाब देते हुए केशव मौर्य ने दावा किया कि वर्ष 2027 में भाजपा 300 से अधिक सीटों के साथ उत्तर प्रदेश में फिर सरकार बनाएगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के एनकाउंटर संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होती है और पुलिस पर हमला करने वालों को सजा मिलती है।
डिप्टी सीएम ने कौशाम्बी के विकास को लेकर सपा सांसद और विधायकों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिले के विकास में बाधा डालने वाले जनप्रतिनिधि विकास नहीं करा पाए, इसलिए अब उन्हें स्वयं इस दिशा में अधिक ध्यान देना पड़ेगा।

Janmat News 
