बलिया: बाल विवाह के खिलाफ छात्र-छात्राओं ने भरी हुंकार, बाल विवाह मुक्त भारत की दिलाई शपथ
उप्र के बलिया जनपद में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी नोडल अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बलिया से गणेश तिवारी की रिपोर्ट
बलिया/जनमत न्यूज़। उप्र के बलिया जनपद में अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी नोडल अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 533 छात्र- छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन ने किया।
कार्यक्रम में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास में बाधक है। इसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
इस दौरान जनपद की उन साहसी बालिकाओं के अनुभव भी साझा किए गए, जिन्होंने खुद अपने बाल विवाह का विरोध कर उसे रुकवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके साहस और जागरूकता की सराहना करते हुए अन्य छात्र-छात्राओं को भी बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए लोगों को जागरूक होना होगा और बाल विवाह की किसी भी घटना के खिलाफ आवाज उठानी होगी।
वहीं, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन ने बाल विवाह के दुष्परिणामों और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन (HEW) की जेंडर स्पेशलिस्ट निकिता सिंह एवं पूनम राजभर तथा वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर प्रिया सिंह, नीलम शुक्ला और हर्षवर्धन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र- छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प दिलाया गया। सभी ने बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ लेकर इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया।



