चन्दौली में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शिक्षा को प्रोत्साहन, रेलकर्मियों की 125 स्कूली बेटियों को मिलीं साइकिलें
उप्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रेल कर्मचारियों की स्कूली बेटियों को साइकिलें वितरित की गईं।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रेल कर्मचारियों की स्कूली बेटियों को साइकिलें वितरित की गईं। डीडीयू मंडल में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उनकी शिक्षा के सफर को आसान बनाना था।
यह कार्यक्रम महिला कल्याण संगठन और कर्मचारी कल्याण निधि के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया, जिसमें कुल 125 साइकिलों का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त, रेलवे में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 23 महिला कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
साइकिल प्राप्त करने वाली छात्रा श्रेयांसी राजपूती ने इस पहल पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं लड़कियों के भविष्य को बेहतर बनाने में सहायक होती हैं। श्रेयांसी के पिता रेलवे में प्वाइंट्समैन के पद पर कार्यरत हैं।
कार्यक्रम के दौरान डीडीयू मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीना ने बताया कि हर साल 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर मंडल प्रशासन और महिला समिति ने यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने कहा कि 125 बच्चियों को साइकिलें देकर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहन दिया गया है, ताकि उन्हें स्कूल और ट्यूशन जाने में सुविधा हो।

Janmat News 
