सहारनपुर में आस्था का भव्य सम्मान: कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, शिवभक्तों ने जताया आभार

सावन माह में चल रही पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान उप्र के सहारनपुर जनपद में शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया गया। हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनकी आस्था और सेवा भाव का सम्मान किया गया।

सहारनपुर में आस्था का भव्य सम्मान: कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, शिवभक्तों ने जताया आभार
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। सावन माह में चल रही पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान उप्र के सहारनपुर जनपद में शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया गया। हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनकी आस्था और सेवा भाव का सम्मान किया गया। इस मनोहारी दृश्य ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया और शिवभक्त "हर-हर महादेव" के जयघोष से झूम उठे।

इस अवसर पर महापौर अजय सिंह एवं नगर आयुक्त सीपू गिरी की उपस्थिति ने कांवड़ियों के स्वागत एवं उनकी सुविधाओं के लिए किए गए व्यापक प्रबंधों का निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।

प्रदेश सरकार द्वारा कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु किए गए विशेष इंतजामों की भी श्रद्धालुओं ने सराहना की। प्रशासन, नगर निगम, पुलिस एवं अन्य विभागों के समन्वित प्रयासों से यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

श्रद्धालुओं ने कहा कि हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा  ने उनकी यात्रा को और अधिक यादगार बना दिया। उन्होंने प्रदेश सरकार, महापौर अजय सिंह, नगर आयुक्त सीपू गिरी तथा समस्त प्रशासनिक टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान शिवभक्तों के उत्साह को कई गुना बढ़ा देता है।

कांवड़ यात्रा के दौरान सहारनपुर में सेवा, सुरक्षा और सम्मान का यह अद्भुत संगम श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।