संतकबीरनगर: रामकथा के अमृत से सराबोर होगा खलीलाबाद, स्वामी विष्णु दास करेंगे श्रीराम चरित्र की अमृतवर्षा

धर्म, अध्यात्म और सामाजिक समरसता की त्रिवेणी में खलीलाबाद सात दिनों तक सराबोर रहेगा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों और रामनाम की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ 18 से 24 नवंबर तक जिला मुख्यालय स्थित जूनियर हाईस्कूल (डायट कार्यालय) मैदान में सात दिवसीय श्रीराम कथा अमृत महोत्सव एवं पर्यावरण संरक्षण यज्ञ का आयोजन होगा।

संतकबीरनगर: रामकथा के अमृत से सराबोर होगा खलीलाबाद, स्वामी विष्णु दास  करेंगे श्रीराम चरित्र की अमृतवर्षा
Published By- Diwaker Mishra

संतकबीरनगर से सर्वेश भट्ट की रिपोर्ट

संतकबीरनगर/जनमत न्यूज़। धर्म, अध्यात्म और सामाजिक समरसता की त्रिवेणी में खलीलाबाद सात दिनों तक सराबोर रहेगा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों और रामनाम की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ 18 से 24 नवंबर तक जिला मुख्यालय स्थित जूनियर हाईस्कूल (डायट कार्यालय) मैदान में सात दिवसीय श्रीराम कथा अमृत महोत्सव एवं पर्यावरण संरक्षण यज्ञ का आयोजन होगा।

जिसको लेकर सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजन की जानकारी देते हुए संरक्षक अभिलाष भट्ट ने जनपदवासियों से इस आध्यात्मिक महोत्सव में सहभागी बनने की अपील की।

स्वामी विष्णु दास जी महाराज करेंगे कथा की अमृतवर्षा

अखिल भारतीय श्रीराम नाम जागरण मंच एवं कल्याण सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले आयोजन में अयोध्या धाम के परम पूज्य स्वामी विष्णु दास जी महाराज कथा व्यास के रूप में श्रीराम चरित्र की अमृतवर्षा करेंगे।

कथा प्रतिदिन अपराह्न तीन से शाम सात बजे तक होगी, जबकि सुबह आठ से दस बजे तक यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। 24 नवंबर को पूर्णाहुति के साथ महोत्सव का समापन होगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिलाष भट्ट ने कहा कि वह लंबे समय से पंडित निर्मल शास्त्री जी के साथ जुड़े हैं। वर्ष 2012 में लखनऊ में पहली मुलाकात के बाद रामकथा के आयोजनों से उनका जुड़ाव लगातार बना रहा।

उन्होंने बताया कि मंच का उद्देश्य विभिन्न शहरों में रामकथा के माध्यम से रामनाम, सनातन संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्श आचरण का प्रचार-प्रसार करना है।

वर्ष 2019 में भी शास्त्री जी ने अपने गृह जनपद में रामकथा कराने का संदेश दिया था। भट्ट ने स्पष्ट किया कि आयोजन का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। उनका प्रयास अपने शहर में सकारात्मकता, आपसी आत्मीयता और सांप्रदायिक सौहार्द का वातावरण मजबूत करना है।

वहीं, मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित निर्मल शास्त्री ने बताया कि अब तक लगभग 200 रामकथाओं का आयोजन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि रामकथा का वास्तविक उद्देश्य केवल कथा श्रवण नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के चरित्र और मर्यादाओं को अपने जीवन में आत्मसात करना है।

आयोजन की विशेषता यह भी होगी कि रामकथा के साथ पर्यावरण संरक्षण, बेजुबान प्राणियों की सेवा, गरीब बच्चों की शिक्षा में सहयोग, उपेक्षित प्रतिभाओं का सम्मान, संस्कृत भाषा का प्रचार और विश्व बंधुत्व का संदेश भी दिया जाएगा। आयोजन के मुख्य यजमान श्री हनुमान जी महाराज होंगे तथा निवेदक श्रीराम परिवार मित्र मंडली है।