कन्नौज में एसओजी, सर्विलांस व कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तीन गांजा तस्कर गिरफ्तार

कन्नौज जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली कन्नौज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

कन्नौज में एसओजी, सर्विलांस व कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तीन गांजा तस्कर गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

कन्नौज से अश्विनी पाठक की रिपोर्ट

कन्नौज/जनमत न्यूज़। उप्र के कन्नौज जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली कन्नौज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 56.590 किलोग्राम अवैध गांजा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक प्रताप अजेय के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी कोतवाली जितेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने 7 मार्च को पाल चौराहा से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के किए गये गिरफ्तार आरोपियों में मंजीत सिंह पुत्र निरपत, निवासी किशनपुर थाना सौरिख (उम्र करीब 35 वर्ष) उमेश सिंह पुत्र विनोद सिंह, निवासी मोहनपुर थाना सचेंडी, जनपद कानपुर नगर (उम्र करीब 20 वर्ष), सतीश दुबे पुत्र स्व. विश्वनाथ दुबे, निवासी गंधरापुर कोतवाली कन्नौज (उम्र करीब 55 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में मंजीत सिंह और उमेश सिंह ने बताया कि वे लोग ओडिशा से सस्ते दामों पर गांजा लाकर कन्नौज में सतीश दुबे को बेचते थे, जिसके बाद सतीश दुबे आसपास के क्षेत्रों में इसे महंगे दामों पर सप्लाई करता था। इसी अवैध कारोबार से आरोपी अपने परिवार का खर्च चलाते थे।

इस मामले में कोतवाली कन्नौज में मुकदमा संख्या 128/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।