संभल में दीवार तोड़कर लाखों की चोरी, तीन जगह नकब लगाकर घर में घुसे चोर; ग्रामीणों में दहशत

घर में दाखिल होते ही चोरों ने सेफ, अलमारी और लॉकर के ताले तोड़ दिए। इसके बाद करीब एक लाख रुपये की नकदी, दोनों पुत्रवधुओं के सोने-चांदी के जेवरात, पीतल की कुठिया समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।

संभल में दीवार तोड़कर लाखों की चोरी, तीन जगह नकब लगाकर घर में घुसे चोर; ग्रामीणों में दहशत
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —

संभल/जनमत न्यूज। जनपद संभल में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। थाना धनारी क्षेत्र के गांव उधरनपुर अजमतनगर में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर की पिछली दीवार में तीन जगह नकब लगाकर अंदर प्रवेश किया और लाखों की नकदी, जेवरात व घरेलू सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस गश्त पर सवाल खड़े किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रणवीर सिंह पुत्र रौहान सिंह के घर बीती रात चोरों ने धावा बोला। उस समय परिवार के लोग घर के बाहर कमरे के पास सो रहे थे। देर रात चोरों ने घर की पिछली दीवार में एक नहीं बल्कि तीन स्थानों पर नकब लगाई और अंदर घुस गए।

घर में दाखिल होते ही चोरों ने सेफ, अलमारी और लॉकर के ताले तोड़ दिए। इसके बाद करीब एक लाख रुपये की नकदी, दोनों पुत्रवधुओं के सोने-चांदी के जेवरात, पीतल की कुठिया समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी के दौरान चोरों ने घर का सामान भी अस्त-व्यस्त कर दिया।

सुबह जब परिजन जागे तो घर की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे के दरवाजे अंदर से बंद थे और पीछे की दीवार में तीन-तीन जगह नकब लगी हुई थी। घर के अंदर और बाहर सामान बिखरा पड़ा था, जिससे स्पष्ट था कि चोरों ने आराम से वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना धनारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।

पीड़ित रणवीर सिंह के मुताबिक चोरी हुई नकदी मकान का फाटक और दरवाजा बनवाने के लिए घर में रखी गई थी। इस वारदात से परिवार को भारी नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के पीछे रात में पुलिस गश्त की कमी जिम्मेदार है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों की तलाश जारी है।