संभल में मूसलाधार बारिश के बाद भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दबा सारा सामान; किसी तरह बचाई जान
उप्र के संभल जनपद में मूसलाधार बारिश के बाद एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त मकान के अंदर मौजूद चार लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में मूसलाधार बारिश के बाद एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त मकान के अंदर मौजूद चार लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
मकान के मलबे में ट्रैक्टर, बाइक, घरेलू सामान और अन्य जरूरी चीजें दब गईं। पीड़ित परिवार के मुताबिक करीब लाखों रुपये का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया है। मामला जनपद की गुन्नौर तहसील के गुन्नौर थाना क्षेत्र के पाठकपुर गांव का है। पाठकपुर निवासी सत्यपाल सिंह के मकान का एक हिस्सा अचानक गिर गया। उस समय मकान के अंदर चार लोग मौजूद थे।
दीवार गिरने की आहट मिलते ही सभी लोग तुरंत मकान से बाहर निकलकर भागे। इसके कुछ ही देर बाद पूरा मकान भरभराकर गिर गया, मकान गिरने से उसके अंदर खड़ा ट्रैक्टर, बाइक, बर्तन और अन्य घरेलू सामान मलबे में दब गया।
ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर सामान निकालने का प्रयास किया गया। हादसे में ट्रैक्टर और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और परिवार की मदद में जुट गए।
सत्यपाल सिंह ने बताया कि रोज की तरह सुबह सभी लोग घर में मौजूद थे। अचानक मकान की एक दीवार गिरने लगी। खतरे को देखते हुए सभी लोग तुरंत घर से बाहर निकलकर भागे। इसके कुछ ही देर बाद पूरा मकान गिर गया। पीड़ित के मुताबिक हादसे में करीब 10 लाख रुपये का सामान क्षतिग्रस्त हुआ है।
गुन्नौर एसडीएम अवधेश कुमार ने बताया कि मकान गिरने की जानकारी मिलने के बाद लेखपाल को मौके पर भेजा। लेखपाल ने गांव पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया और नुकसान की रिपोर्ट तैयार की है। मकान गिरने के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। परिवार को प्रशासन की तरफ से मदद की जाएगी।




