अलीगढ़ में भाजपा नेता ने पड़ोसी के सीने पर तानी लाइसेंसी पिस्टल, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

अलीगढ़ जनपद में एक भाजपा नेता द्वारा अपने पड़ोसी के सीने पर लाइसेंसी पिस्टल तानने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

अलीगढ़ में भाजपा नेता ने पड़ोसी के सीने पर तानी लाइसेंसी पिस्टल, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —

अलीगढ़/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद में एक भाजपा नेता द्वारा अपने पड़ोसी के सीने पर लाइसेंसी पिस्टल तानने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाजपा नेता को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना थाना बन्ना देवी क्षेत्र के रघुवीरपुरी मोहल्ले की है। यहां भाजपा नेता और मोबाइल कारोबारी हेमंत गर्ग का अपने पड़ोसी विशाल शर्मा के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि हेमंत गर्ग गुस्से में अपने घर गया और वहां से अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर वापस आया।

बताया जा रहा है कि हेमंत गर्ग ने अपने पड़ोसी विशाल शर्मा के सीने पर पिस्टल तान दी और उसे जान से मारने की धमकी दी। इस घटना को देखकर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक युवक ने साहस दिखाते हुए भाजपा नेता के हाथ से पिस्टल छीन ली, जिससे बड़ी घटना होने से टल गई।

घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस हरकत में आ गई।

इस मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय कमलेश कुमार ने बताया कि 5 मार्च 2026 को करीब 3 बजे थाना बन्ना देवी पुलिस को सूचना मिली थी कि रघुवीरपुरी में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी हेमंत गर्ग को हिरासत में ले लिया।

उन्होंने बताया कि पीड़ित विशाल शर्मा की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना बन्ना देवी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।