औरैया की अछल्दा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

उप्र के औरैया जनपद में अपराध एवं वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अछल्दा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

औरैया की अछल्दा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में अपराध एवं वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अछल्दा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर उसके घर के सामने से की गई।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बिधूना के निकट पर्यवेक्षण में जनपदभर में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के क्रम में थाना अछल्दा पुलिस टीम को सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित इनामी अभियुक्त अपने घर के सामने मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रविवार 12 जुलाई 2026 को लगभग दोपहर 12:30 बजे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रॉकी उर्फ राक्सी दोहरे पुत्र भारत सिंह निवासी ग्राम विलावा, थाना अजीतमल, जनपद औरैया के रूप में हुई है।

आरोपी के विरुद्ध थाना ऐरवाकटरा में मु.अ.सं. 45/2026 के तहत धारा 2/3(1) गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज है और वह काफी समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध थाना ऐरवाकटरा में मु0अ0सं0 180/2025 के तहत गौवध अधिनियम की धारा 5/8, पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(d) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5)/61(2) के अंतर्गत भी मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी से आवश्यक पूछताछ की जा रही है तथा उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना अछल्दा के थानाध्यक्ष श्री सुरेश चन्द्र, उपनिरीक्षक श्री जयप्रकाश, कांस्टेबल अश्वनी कुमार तथा कांस्टेबल पवन प्रताप शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने टीम की इस सफलता की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।