बहराइच में सड़क किनारे बने अवैध मजारों पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण
अवैध निर्माण को हटाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संबंधित पक्ष को कई बार नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई और पत्राचार भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण स्वतः नहीं हटाया गया।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —
बहराइच/जनमत न्यूज। कोतवाली देहात क्षेत्र में सड़क किनारे और मेडिकल कॉलेज के सामने सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दर्जनों अवैध मजारों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।
प्रशासन के अनुसार मेडिकल कॉलेज के सामने अस्ताना रसूल शाह के नाम से मजार बनाकर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया गया था। इसके बाद उसी स्थान पर एक के बाद एक कई अन्य मजारें स्थापित कर दी गईं, जिससे सड़क और मेडिकल कॉलेज के बीच बड़े पैमाने पर अतिक्रमण की स्थिति बन गई। इससे यातायात और सार्वजनिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
अवैध निर्माण को हटाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संबंधित पक्ष को कई बार नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई और पत्राचार भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण स्वतः नहीं हटाया गया। चेतावनियों की अनदेखी किए जाने पर सोमवार को प्रशासन ने कठोर कदम उठाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की।
मौके पर मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार ने बताया कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से दर्जनों मजारें बनाकर अतिक्रमण किया गया था। कई बार निर्देश देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते नियमानुसार कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी अवैध मजारों को हटाया गया है और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।
प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा।

Janmat News 
