रायबरेली: सई नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

उप्र के रायबरेली जनपद के गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के ग्राम शिवलीहा स्थित सई नदी में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

रायबरेली: सई नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के ग्राम शिवलीहा स्थित सई नदी में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सई नदी उन्नाव की ओर से बहते हुए गुरबक्शगंज की दिशा में प्रवाहित होती है।

स्थानीय लोगों द्वारा शव देखे जाने के बाद तत्काल डायल-112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की मौत नदी में डूबने से होना प्रतीत हो रही है।

मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। उसका कद औसत और शरीर दोहरा है। मृतक के पहनावे में काली जैकेट, नीली शर्ट, काली लोअर, नीली अंडरवियर तथा पैरों में मोजे पहने हुए हैं। शव की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।