कन्नौज: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, छात्रों से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, चार की मौत, 35 से अधिक घायल

कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर छात्रों से भरी बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार छात्रों की मौत और 35 से अधिक घायल हुए। डीएम-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

कन्नौज: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, छात्रों से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, चार की मौत, 35 से अधिक घायल
Published By- A.K. Mishra

कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट 

कन्नौज/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। टूर से वापस लौट रहे छात्रों से भरी एक बस को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक छात्र घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे। सभी कौशांबी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और टूर से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया थाना क्षेत्र के किलोमीटर 209 कट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने छात्रों से भरी बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई छात्र घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।

डीएम और एसपी ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल छात्रों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

टूर से घर लौट रहे थे सभी छात्र

बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी छात्र और शिक्षक कौशांबी जिले के रहने वाले हैं। सभी शैक्षणिक टूर से वापस अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में चार छात्रों की मौत से परिवारों में मातम पसरा है, वहीं घायल छात्रों का अस्पताल में उपचार जारी है।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हैं।