हरदोई में फूस की दुकान में आग लगाकर फरार हुए अराजकतत्व, हलवाई का सामान जलकर राख

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अराजकतत्वों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।

हरदोई में फूस की दुकान में आग लगाकर फरार हुए अराजकतत्व, हलवाई का सामान जलकर राख
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद हरदोई के टड़ियावा कस्बे में अराजकतत्वों द्वारा एक दुकानदार की फूस की दुकान में आग लगाने का मामला सामने आया है। इस घटना में दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित दुकानदार को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टड़ियावा कस्बे में पप्पू हलवाई की फूस से बनी दुकान को अज्ञात अराजकतत्वों ने निशाना बनाया। देर रात आग लगने की इस घटना के दौरान जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अराजकतत्वों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।

वहीं आग से जलती दुकान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे घटना को लेकर लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।