कुशीनगर में प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम का दौरा, श्रद्धांजलि के बीच सियासी वार-पलटवार तेज

उप्र के कुशीनगर जनपद कुशीनगर में आज प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक पहुंचे।

कुशीनगर में प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम का दौरा, श्रद्धांजलि के बीच सियासी वार-पलटवार तेज
Published By- Diwaker Mishra

कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट

कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के कुशीनगर जनपद कुशीनगर में आज प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक पहुंचे। दोनों नेता कुशीनगर विधानसभा से भाजपा विधायक पीएन पाठक के पिता को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। मौर्य ने कहा कि देश और प्रदेश की आधी आबादी यानी महिलाओं का सामना अखिलेश यादव कैसे करेंगे और उनके आक्रोश से कैसे बचेंगे।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को माफी मांगो यात्रानिकालनी चाहिए। मौर्य ने आरोप लगाया कि महिला बिल के मुद्दे पर संख्या बल का दुरुपयोग कर महिलाओं के अधिकार छीने गए।

इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि देश और प्रदेश का युवा भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ा है। पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि ममता बनर्जी चुनाव हारने के डर से बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं।

उन्होंने टीएमसी पर बूथ कब्जाने की पुरानी आदत का आरोप लगाया और दावा किया कि 4 मई को बंगाल में भाजपा सरकार बनाएगी। साथ ही असम में भी जीत का भरोसा जताया।

मौर्य ने सपा के राजनीतिक चरित्र को घटियाबताते हुए कहा कि पार्टी विकास में बाधा डाल रही है और 2029 के प्रस्तावित संशोधनों में भी रोड़ा अटका रही है।

 इसके बाद दोनों डिप्टी सीएम कुशीनगर स्थित बुद्ध मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बुद्ध को चीवर अर्पित किया और विशेष पूजा-अर्चना की। मौर्य ने प्रदेशवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं भी दीं।

वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी सपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पीडीएकी नई परिभाषा देते हुए कहा कि यह गुंडाराज, भाई-भतीजावाद और एक परिवार तक सीमित राजनीति है।

पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय लगातार बढ़ रही है और 2030 तक राज्य वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विकास ही समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी पीड़ा है। कुशीनगर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बीच सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। डिप्टी सीएम के इन बयानों ने प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ा दी है।