उरई: पुलिस चौकी से चंद कदम दूर युवकों का तांडव, लाठी-डंडो से मारपीट का वीडियो वायरल

उप्र के उरई शहर के रामनगर अजनारी रोड पर एक युवक की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

उरई: पुलिस चौकी से चंद कदम दूर युवकों का तांडव, लाठी-डंडो से मारपीट का वीडियो वायरल
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई शहर के रामनगर अजनारी रोड पर एक युवक की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

घटना ऐसे स्थान की है, जहां पास में मंदिर, कोचिंग संस्थान और संघ कार्यालय स्थित हैं, जबकि शराब के ठेके के आसपास रोजाना होने वाले हुड़दंग से स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और मोहल्लेवासियों का आरोप है कि शराब के ठेके के कारण आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे श्रद्धालुओं, छात्रों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

वायरल वीडियो में कुछ दबंग सरेराह युवक की लाठी-डंडों से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

सबसे हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल डिप्टीगंज पुलिस चौकी, सीओ आवास और पुलिस क्वार्टर से महज करीब 100 कदम की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद खुलेआम हुई मारपीट ने पुलिस की गश्त और सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अजनारी रोड पर इस तरह की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। शराब के ठेके के आसपास आए दिन झगड़े, मारपीट और हुड़दंग की शिकायतें सामने आती रहती हैं, जिससे क्षेत्र के परिवारों और विद्यार्थियों में भय का माहौल बना हुआ है।

डरे-सहमे नागरिकों, अभिभावकों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से आबादी वाले क्षेत्र से शराब के ठेके को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की मांग उठाई है।

वहीं, जालौन पुलिस प्रशासन से वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की मांग की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है जब पुलिस चौकी और अधिकारियों के आवास के पास ही दबंग खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं, तो आम नागरिक खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करें?"

फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।