कुशीनगर में दिल दहला देने वाली वारदात, अज्ञात हमलावरों ने मां-बेटी पर फेंका तेजाब; बेटी की मौत
उप्र के कुशीनगर जनपद में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रामकोला थाना क्षेत्र के मोरवन गांव में अज्ञात हमलावरों ने बीती देर रात अपने घर में सो रही मां-बेटी पर तेजाब फेंक दिया।
कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट
कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के कुशीनगर जनपद में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रामकोला थाना क्षेत्र के मोरवन गांव में अज्ञात हमलावरों ने बीती देर रात अपने घर में सो रही मां-बेटी पर तेजाब फेंक दिया।
इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। दोनों मां-बेटी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र के मोरवन गांव में अज्ञात हमलावरों ने मां-बेटी को निशाना बनाते हुए उन पर उस समय तेजाब फेंक दिया, जब बीती देर रात वह अपने घर में सकून की नींद सो रही थी।
अज्ञात हमलावर घर में दबे पांव घुसते है और घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच जाती है और आनन-फानन में दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जाता है।
दोनों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों की टीम ने गोरखपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया, जहां दोनो का इलाज शुरू हुआ। इस बीच इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई है जबकि माँ का इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक केशव कुमार मिश्रा मौके पर रात को ही पहुंच गए और पूरे घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि अब तक हमले के की वजह साफ नहीं हो पाई है।
घटना इतनी गंभीर है कि मौके पर गोरखपुर जोन के डीआईजी भी पहुँचे है। वहीं, एसपी का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग सहमे हुए हैं और सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


