बहराइच में शातिर बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से घायल, पिस्टल व चोरी की बाइक बरामद
घायल बदमाश अर्जुन सिंह बलिया जिले के उभावां थाना क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह कई बड़ी वारदातों को अंजाम देने के बाद नेपाल में जाकर छिप जाता था।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —
बहराइच/जनमत न्यूज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में जनपद बहराइच पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में ऑपरेशन लंगड़ा के तहत एक शातिर और इनामिया बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार किया गया। घटना थाना रामगांव क्षेत्र की है, जहां एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अर्जुन सिंह नामक शातिर बदमाश नेपाल की ओर भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर एसओजी और थाना रामगांव पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। देर रात जब पुलिस टीम ने बदमाश को रुकने का इशारा किया, तो उसने पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह बाइक से गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। मौके से बदमाश के कब्जे से एक पिस्टल, कारतूस और चोरी की एक बाइक बरामद की गई है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार घायल बदमाश अर्जुन सिंह बलिया जिले के उभावां थाना क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह कई बड़ी वारदातों को अंजाम देने के बाद नेपाल में जाकर छिप जाता था। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश के पूरे आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।

Janmat News 
