प्रतापगढ़: कुंडा के तिलोरी समेत तीन मोहल्लों में जलभराव, सड़कें बनीं तालाब; आवागमन प्रभावित

उप्र के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा नगर पंचायत के तिलोरी, आता नगर और फरेदुपुर मोहल्लों में बारिश के बाद जलभराव की समस्या से लोग परेशान हैं।

प्रतापगढ़: कुंडा के तिलोरी समेत तीन मोहल्लों में जलभराव, सड़कें बनीं तालाब; आवागमन प्रभावित
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा नगर पंचायत के तिलोरी, आता नगर और फरेदुपुर मोहल्लों में बारिश के बाद जलभराव की समस्या से लोग परेशान हैं। लगातार बारिश के कारण सड़कों और गलियों में पानी जमा हो गया है। स्थिति यह है कि कई जगह सड़कें तालाब जैसी नजर आ रही हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के पानी की निकासी के लिए नगर पंचायत की ओर से पर्याप्त और प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है। नालियां और जलनिकासी की व्यवस्था ठीक न होने के कारण बारिश का पानी काफी समय तक सड़कों पर जमा रहता है।

जलभराव के कारण लोगों को घरों से निकलने, बाजार जाने और रोजमर्रा के कामों के लिए आवागमन करने में परेशानी हो रही है। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है।

मोहल्लेवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि हर बारिश में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने से उन्हें बार-बार परेशानी झेलनी पड़ती है।