अयोध्या: लूट के मामले में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार; तमंचा-कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद
उप्र के अयोध्या जनपद में बुजुर्ग दंपति से लूट का खुलासा हो गया है। जनपद की तारुन थाना पुलिस ने बुजुर्ग दंपति से लूट के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार हो गया है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद में बुजुर्ग दंपति से लूट का खुलासा हो गया है। जनपद की तारुन थाना पुलिस ने बुजुर्ग दंपति से लूट के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार हो गया है।
बता दें कि बीते 27 अगस्त को तारुन थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपति के साथ तमंचा सटाकर चेन लूट की घटना हुई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, सीडीआर और बीटीएस की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने मोहित वर्मा पुत्र लक्ष्मण वर्मा, निवासी कोल्हमपुर बिरसेन, थाना नवाबगंज, गोंडा को गिरफ्तार किया।
दूसरे आरोपी अमर निषाद उर्फ डमरू पुत्र आशाराम निषाद, निवासी दुल्लापुर, थाना नवाबगंज, गोंडा को भी पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद की गई। घटना में इस्तेमाल तमंचा व कारतूस तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की।
पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल तीसरा आरोपी राम बाबू निषाद पुत्र चन्द्रबली, निवासी मललहन, थाना नवाबगंज, गोंडा अभी फरार है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।




