अयोध्या: विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर फांसी लगाकर मारने का आरोप; अवैध संबंध के विरोध पर हत्या

उप्र के अयोध्या जनपद के थाना पटरंगा क्षेत्र के ग्राम बकौली रानीमऊ में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है।

अयोध्या: विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर फांसी लगाकर मारने का आरोप; अवैध संबंध के विरोध पर हत्या
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट 

अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद के थाना पटरंगा क्षेत्र के ग्राम बकौली रानीमऊ में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने थाने में तहरीर देकर दामाद सहित तीन लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। तहरीर में अवैध संबंध का भी आरोप लगाया गया है।

मृतका के पिता मोहम्मद सत्तार पुत्र गुलाम रसूल, निवासी ग्राम भगवानपुर (नेवली), थाना सतरीख, जनपद बाराबंकी ने अपनी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री नाजमा का विवाह लगभग 1.5 वर्ष पूर्व इरशाद पुत्र शेर मोहम्मद निवासी बकौली रानीमऊ, थाना पटरंगा के साथ किया था।

आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा 2 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर आए दिन गाली-गलौज और मारपीट कर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसका दामाद इरशाद का विपक्षी कलीम पुत्र बहराइची की पत्नी के साथ अवैध संबंध चल रहा था, जिसका उसकी पुत्री नाजमा लगातार विरोध करती थी। वह जब भी मायके आती थी तो घर वालों को पूरी बात बताती थी।

तहरीर के मुताबिक, इसी दहेज की मांग और अवैध संबंधों के विरोध के चलते दिनांक 17/10/2026 की रात्रि में विपक्षीगण इरशाद पुत्र शेर मोहम्मद, कलीम पुत्र बहराइची, कलीम की पत्नी समस्त निवासीगण ग्राम बकौली रानीमऊ ने एक राय होकर षडयंत्र के तहत उसकी पुत्री नाजमा को फांसी लगाकर मार डाला।

घटना को छिपाने के उद्देश्य से 18 अक्टूबर को सुबह लगभग 7 बजे विपक्षी इरशाद ने फोन कर झूठी सूचना दी कि नाजमा की तबीयत खराब है, जबकि तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

पीड़ित पिता ने थाना प्रभारी पटरंगा से तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने दामाद इरशाद को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।