अयोध्या में पति की हत्या के बाद पत्नी ने दी जान, 22 दिन के मासूम की भी मौत
पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने तीन जिंदगियां लील लीं। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीण स्तब्ध हैं।
अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —
अयोध्या/जनमत न्यूज। जनपद अयोध्या के थाना रौनाही क्षेत्र अंतर्गत करेरू गांव में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने तीन जिंदगियां लील लीं। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीण स्तब्ध हैं।
पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद के चलते पत्नी ने पहले अपने पति की हथौड़े से हत्या कर दी। इसके बाद उसने पति के शव और अपने 22 दिन के दुधमुंहे बच्चे को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। घटना के बाद महिला घर से निकल गई और अयोध्या-लखनऊ रेलखंड पर देवराकोट के पास ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
कमरे में बंद मासूम बच्चा भूख और प्यास के कारण तड़पता रहा और अंततः उसकी भी मौत हो गई। यह घटना मानवता को झकझोर देने वाली है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी, लिंक अधिकारी आशीष निगम और रौनाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय मृतक पति के माता-पिता खेत में गेहूं की कटाई करने गए हुए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी के बीच विवाद किस कारण से हुआ था, जिसने इतना भयावह रूप ले लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

Janmat News 
