प्रतापगढ़ में मिशन शक्ति केंद्र का SP ने किया उद्घाटन, कहा- महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से मंगलवार को नगर कोतवाली परिसर में नवनिर्मित मॉडल मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने फीता काटकर किया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से मंगलवार को नगर कोतवाली परिसर में नवनिर्मित मॉडल मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने फीता काटकर किया।
इस दौरान उन्होंने महिलाओं को महिला अपराधों, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम के दौरान एसपी ने मौजूद महिलाओं की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या आपात स्थिति में महिलाएं महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 अथवा मिशन शक्ति केंद्र से संपर्क कर सकती हैं। पुलिस उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी तरह के उत्पीड़न की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से शिकायत करने की अपील की। मिशन शक्ति केंद्र का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है।
इस अवसर पर एएसपी पूर्वी आलोक कुमार, एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय, सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा और नगर कोतवाल सुभाष यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



