सहारनपुर: नानौता में नकबजनी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी के आभूषण और नकदी बरामद
उप्र के सहारनपुर जनपद के नानौता थाना क्षेत्र में पुलिस ने घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा/मोहन कश्यप की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के नानौता थाना क्षेत्र में पुलिस ने घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक पर चोरी करने, जबकि दूसरे पर चोरी के आभूषण खरीदने का आरोप है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर को गांव जंधेड़ी निवासी बाला पत्नी स्वरूप ने थाना नानौता में तहरीर देकर बताया था कि रात के समय अज्ञात चोर उनके घर में घुस आया। आरोपी ने संदूक का कब्जा तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और 2,500 रुपये की नकदी चोरी कर ली। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया पहला आरोपी
पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए टीम गठित कर जांच शुरू की। इसी दौरान 19 अक्टूबर की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में प्रकाश में आए आरोपी मैसी पुत्र नाथीराम निवासी गांव जंधेड़ी को काशीपुर नहर पुलिया से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से पीली धातु के कुंडल, नाक की नथ, टीका, लॉकेट और सफेद धातु की अंगूठियां, चुटकी, दस्तेबंद, चूड़ियां, कंगन व पायजेब सहित कई आभूषण बरामद किए गए।
चोरी के कुंडल खरीदने के आरोप में सुनार गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान आरोपी मैसी ने पुलिस को बताया कि उसने चोरी किए गए एक जोड़ी कुंडल राहुल वर्मा नामक सुनार को बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल वर्मा पुत्र नरेंद्र वर्मा निवासी महाराणा प्रताप कॉलोनी, नानौता को दिल्ली रोड के पास श्मशान घाट रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के एक जोड़ी पीली धातु के कुंडल भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और आभूषणों की बरामदगी के साथ ही मामले के खुलासे की कार्रवाई की गई है।



