अयोध्या में धूमधाम से निकली मां दुर्गा की शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा से किया स्वागत
उप्र की रामनगरी अयोध्या में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की शोभायात्रा धूमधाम और गाजे-बाजे के साथ जीआईसी मैदान से निकली। शोभायात्रा में करीब 150 दुर्गा प्रतिमाओं के शामिल होने की जानकारी आयोजकों ने दी है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र की रामनगरी अयोध्या में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की शोभायात्रा धूमधाम और गाजे-बाजे के साथ जीआईसी मैदान से निकली। शोभायात्रा में करीब 150 दुर्गा प्रतिमाओं के शामिल होने की जानकारी आयोजकों ने दी है। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर महिलाएं नृत्य करती नजर आईं, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी और भाजपा के अन्य नेता शोभायात्रा की अगुवाई करते दिखे। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर भी शोभायात्रा में शामिल हुए। सपा के पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने भी भाग लिया।
शोभायात्रा फतेहगंज, सुभाष नगर, बजाजा चौक, रिकाबगंज और सिविल लाइंस होते हुए आगे बढ़ेगी। शोभायात्रा का अंतिम पड़ाव गुप्तार घाट स्थित निर्मली कुंड होगा, जहां मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
चौक घंटाघर पर कमिश्नर, डीआईजी, एसएसपी, जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पुष्पवर्षा किया। विभिन्न समाजों और मंदिरों की ओर से भी स्वागत होगा।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूर्व पार्षद फरीद कुरैशी ने गंगा जमनी तहजीब के तहत दुर्गा पूजा शोभा यात्रा जलूस का स्वागत किया और जन प्रतिनिधियों का गमछा उढ़ा कर स्वागत किया। और बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजय दशमी की बधाई शुभकामनायें दिया।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए विसर्जन मार्ग को जोन और सेक्टर में बांटा गया है। राजपत्रित अधिकारियों के साथ सिविल पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसी भी समस्या पर तत्काल पुलिस या संबंधित मजिस्ट्रेट को सूचना देने को कहा गया है।



