शीतल देवी ने एशियन पैरा गेम्स में रचा इतिहास, एक ही दिन में जीते दो गोल्ड मेडल
जापान के नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत की शीतल देवी ने कमाल किया है। उन्होंने कुछ घंटों के अंतराल मे 2 गोल्ड मेडल जीतकर पैरा आर्चरी में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करा चुकी हैं।
नागोया/जनमत न्यूज़। जापान के नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत की शीतल देवी ने कमाल किया है। उन्होंने कुछ घंटों के अंतराल मे 2 गोल्ड मेडल जीतकर पैरा आर्चरी में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करा चुकी हैं।
इससे पहले उन्होंने इसी प्रतियोगिता में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था और 720 में से 704 अंक हासिल किए थे। शीतल देवी ने पैरा कंपाउंड आर्चरी के फाइनल इवेंट में 142 का स्कोर बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
सिंगापुर की अलीम नूर स्याहिदाह ने 139 का स्कोर हासिल किया और वह दूसरे स्थान पर रहीं। शीतल इससे पहले 149 का स्कोर हासिल कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुकी हैं। उन्होंने 20 अक्टूबर को 149 का स्कोर हासिल कर एशियन गेम्स में भी नया रिकॉर्ड बनाया था और यह उनका भी बेस्ट स्कोर था।
शीतल देवी ने गुरुवार को पहले तोमर कुमार के साथ मिलकर गोल्ड मेडल जीता था। मिक्स इवेंट के बाद उन्होंने सिंगल इवेंट में भी गोल्ड जीता और कुछ घंटों के अंतराल में देश को दो गोल्ड मेडल दिलाकर पदक तालिका में भारत की स्थिति मजबूत की। वह इससे पहले पायल के साथ मिलकर सिल्वर मेडल भी जीत चुकी हैं।
तोमर कुमार के साथ मिलकर जीता गोल्ड
शीतल देवी और तोमर कुमार नेकंपाउंड मिक्स्ड टीम में गोल्ड जीता। भारत की इस जोड़ी ने इंडोनेशियाई जोड़ी पर 151-148 से जीत दर्ज की। भारत को पैरा एशियन गेम्स के मौजूदा एडिशन में तीरंदाजी में पहला गोल्ड मिला।
आइची-नागोया गेम्स में शीतल ने तीन मेडल जीते हैं। सबसे पहले उन्होंने पायल नाग के साथ पैरा कंपाउंड महिला डबल्स में सिल्वर मेडल जीता था। इसके बाद तोमर के साथ गोल्ड और अब सिंगल इवेंट में गोल्ड जीता है।
एक-एक कर सारे रिकॉर्ड तोड़ रहीं शीतल
शीतल और तोमर कुमार ने मिक्स्ड टीम राउंड में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। 18 साल की इस खिलाड़ी ने संभावित 720 में से 704 पॉइंट बनाए, जो तुर्किये की ओजनूर क्युरे गिरडी के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करते हैं।
शीतल ने मार्च में बैंकॉक में बनाए अपने 698 के एशियन रिकॉर्ड में भी 6 पॉइंट का सुधार किया और एशियन पैरा गेम्स का रिकॉर्ड 680 से बढ़ाकर 704 कर दिया।
मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन और दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी शीतल ने कुमार के साथ मिलकर मिक्स्ड टीम क्वालीफिकेशन में 1402 पॉइंट बनाए, जिससे भारत का ही बनाया 1400 का पिछला वर्ल्ड रिकॉर्ड टूट गया।
एशियन पैरा गेम्स में शीतल का सफर
कंपाउंड इंडिविजुअल में डिफेंडिंग चैंपियन शीतल ने सोमवार को अपने एशियन पैरा गेम्स आइची-नागोया 2026 कैंपेन की शानदार शुरुआत की और कंपाउंड विमेंस क्वालीफिकेशन में वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की।
फिर उन्होंने कंपाउंड विमेंस डबल्स क्वालीफिकेशन में पायल के साथ टीम बनाई। उनके कुल 1379 के स्कोर ने नए एशियन और गेम्स रिकॉर्ड बनाए। पायल ने 675 पॉइंट का योगदान दिया, जिससे भारतीय जोड़ी विमेंस डबल्स रैंकिंग में टॉप पर पहुंची।
2023 में भी किया था कमाल
शीतल ने हांगझोऊ में 2023 एशियन पैरा गेम्स में महिलाओं के कंपाउंड इंडिविजुअल इवेंट में गोल्ड जीता और फिर 2024 में पेरिस पैरालिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने वर्ल्ड चैंपियन का स्टेटस भी हासिल किया है, जिससे कम उम्र के बावजूद उन्होंने इस खेल के टॉप खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई है।



