सिद्धार्थनगर: मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत पांच परिवारों को मिली मदद, दी गई आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत बुधवार को सिद्धार्थनगर के तहसील सभागार डुमरियागंज में आयोजित कार्यक्रम में दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। 

सिद्धार्थनगर: मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत पांच परिवारों को मिली मदद, दी गई आर्थिक सहायता
Published By- Diwaker Mishra

सिद्धार्थनगर से रमेश चंद्र शुक्ल की रिपोर्ट

डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)/जनमत न्यूज़। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत बुधवार को सिद्धार्थनगर के तहसील सभागार डुमरियागंज में आयोजित कार्यक्रम में दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। 

इस दौरान पांच लाभार्थी परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक वितरित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्रा ने की।

मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक सौंपते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और उनके परिवारों की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि किसी दुर्घटना या अप्रत्याशित घटना के बाद प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।

उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्रा ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि किसान की मृत्यु अथवा पूर्ण शारीरिक अक्षमता की स्थिति में पांच लाख रुपये की सहायता दी जाती है।

दोनों हाथ, दोनों पैर अथवा दोनों आंखों की क्षति होने पर भी इतनी ही राशि प्रदान की जाती है। एक हाथ और एक पैर के नुकसान की स्थिति में भी पांच लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है।

वहीं एक हाथ, एक पैर या एक आंख की क्षति पर ढाई लाख रुपये तथा 25 से 50 प्रतिशत स्थायी दिव्यांगता पर 1.25 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है।

तहसीलदार रवि कुमार यादव ने बताया कि योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। आवेदन प्राप्त होने के बाद राजस्व विभाग की टीम निर्धारित समय में जांच और सर्वेक्षण पूरा करती है तथा पात्र पाए जाने पर सहायता राशि स्वीकृत कर लाभार्थियों को खातों में उपलब्ध कराई जाती है।

कार्यक्रम में पिपरा गोसाई निवासी लीलावती, धोबहा एहतमाली की मिन्ना, पिरैला सुल्तान के गोपाल, बिलवट की सारजहां तथा मैनहा के अज्ञाराम को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय, लवकुश ओझा, मधुसूदन अग्रहरि, महेश चंद्र, माता प्रसाद भारती, अजय पाठक, शैलेन्द्र रावत, अंकित श्रीवास्तव, बब्बू पाठक आदि मौजूद रहे।