मुजफ्फरनगर: शुक्रताल में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आधुनिक पुलिस कंट्रोल रूम का शुभारंभ, 24 घंटे रहेगी निगरानी

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल शुक्रताल में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है।

मुजफ्फरनगर: शुक्रताल में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आधुनिक पुलिस कंट्रोल रूम का शुभारंभ, 24 घंटे रहेगी निगरानी
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट 

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल शुक्रताल में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है।

थाना भोपा क्षेत्रांतर्गत शुक्रताल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आज मंगलवार 3 नवंबर को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने विधिवत फीता काटकर कंट्रोल रूम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी भोपा राधारमण सिंह, थाना प्रभारी भोपा आशुतोष कुमार सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

CCTV कैमरों से होगी क्षेत्र की निगरानी

नवनिर्मित पुलिस कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से क्षेत्र के प्रमुख स्थानों एवं आवागमन वाले मार्गों पर निगरानी की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों के बीच त्वरित सूचना के आदान-प्रदान के लिए वायरलेस संचार प्रणाली स्थापित की गई है।

कंट्रोल रूम में 24 घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना या आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

प्राथमिक उपचार और अग्निशमन की सुविधाएं भी उपलब्ध

कंट्रोल रूम में प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड किट, आपातकालीन रोशनी के लिए इमरजेंसी लाइट तथा अग्निशमन उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य किसी दुर्घटना या आपात स्थिति में श्रद्धालुओं एवं आमजन को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है। उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने कंट्रोल रूम में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि सभी उपकरणों को क्रियाशील रखा जाए और सीसीटीवी के माध्यम से नियमित निगरानी की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात सूचना पर तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित पुलिस इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

श्रद्धालुओं को मिलेगा सुरक्षित वातावरण

पुलिस कंट्रोल रूम की स्थापना से शुक्रताल में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था भी बेहतर होगी।