महाराजगंज में ईंट भट्ठे के पानी भरे गड्ढे में डूबकर दो सगे भाईयों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
उप्र के महराजगंज जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चेहरी टोला महलगंज में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है।
महराजगंज से नवीन प्रकाश मिश्रा की रिपोर्ट
महराजगंज/जनमत न्यूज़। उप्र के महराजगंज जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चेहरी टोला महलगंज में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है।
किराये के मकान में रहने वाले डब्लू साहनी के दो मासूम पुत्र-राज व आयुष जिनकी उम्र करीब 5 और 4 साल की मंगलवार शाम घर के पास ईंट भट्ठे के पास जमा मिट्टी के ढेर पर खेलते समय अचानक लापता हो गए।
परिजनों द्वारा सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान पास ही एक गड्ढे में जिसमें बरसात का पानी भरा था खोजबीन की गई। गड्ढे की तलहटी में दोनों बच्चे डूबे हुए मिले।
दोनों बच्चों को तत्काल बाहर निकालकर जिला अस्पताल महराजगंज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पिता डब्लू साहनी ई-रिक्शा चालक हैं, जबकि माता मनीषा साहनी गृहिणी हैं।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि पानी भरे गड्ढे में गिरने से दोनों बालकों की मौत हो गई है मामले की जांच की जा रही है।


