एटा महोत्सव में बॉलीवुड नाइट ने बांधा समां, अल्ताफ राजा व दीक्षा अग्निहोत्री की प्रस्तुति पर झूमा जनसैलाब

प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक अल्ताफ राजा एवं गायिका दीक्षा अग्निहोत्री ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

एटा महोत्सव में बॉलीवुड नाइट ने बांधा समां, अल्ताफ राजा व दीक्षा अग्निहोत्री की प्रस्तुति पर झूमा जनसैलाब
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —

एटा/जनमत न्यूज। हर वर्ष की भांति आयोजित राजकीय कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी एटा महोत्सव के अंतर्गत सैनिक पड़ाव स्थित मैदान में बॉलीवुड नाइट का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक अल्ताफ राजा एवं गायिका दीक्षा अग्निहोत्री ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

बॉलीवुड नाइट के दौरान अल्ताफ राजा ने जैसे ही अपना सुपरहिट गीत “तुम तो ठहरे परदेसी” प्रस्तुत किया, वैसे ही पंडाल में मौजूद हजारों की संख्या में युवा-युवतियां झूमने लगे। इसके अलावा उन्होंने “बरसात के मौसम तन्हाई के आलम में”, “अभी जिंदा हूं तो जी लेने दो” और “आने से जिसके आए बहार” जैसे लोकप्रिय गीत गाकर माहौल को संगीतमय बना दिया। उनकी भावपूर्ण आवाज और अंदाज पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साह जताया।

वहीं गायिका दीक्षा अग्निहोत्री ने भी अपनी मधुर आवाज में एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुति पर भी दर्शकों ने जमकर सराहना की और कार्यक्रम देर रात तक उल्लासपूर्ण माहौल में चलता रहा।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। आयोजन स्थल पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।

कार्यक्रम के अंत में गायक अल्ताफ राजा ने एटा की जनता और जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां से उन्हें हमेशा विशेष प्रेम मिलता है और आगे भी बेहतर प्रस्तुतियां देने का प्रयास रहेगा। वहीं दीक्षा अग्निहोत्री ने भी एटा की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि भविष्य में और अधिक संख्या में लोग ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लें, यही उनकी कामना है।