सांसद राहुल गांधी का रायबरेली में राजनीतिक पड़ाव, गांव में लगाएंगे चौपाल; ग्रामीणों से करेंगे संवाद
उप्र का रायबरेली जनपद एक बार फिर अपने सांसद राहुल गांधी के स्वागत को तैयार है। सोमवार देर शाम राहुल गांधी रायबरेली पहुंचेंगे।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र का रायबरेली जनपद एक बार फिर अपने सांसद राहुल गांधी के स्वागत को तैयार है। सोमवार देर शाम राहुल गांधी रायबरेली पहुंचेंगे। यहां वे भुएमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन और मौजूदा राजनीतिक हालात पर मंथन करेंगे।
इसके बाद मंगलवार 21 जनवरी को राहुल गांधी रोहनिया ब्लॉक के उमरन गांव पहुंचकर चौपाल लगाएंगे और सीधे ग्रामीणों से संवाद करेंगे। सांसद बनने के बाद यह पहला अवसर होगा, जब राहुल गांधी गांव की धरती पर बैठकर जनता की समस्याएं सुनेंगे और उनका हालचाल जानेंगे।
राहुल गांधी का यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि आने वाले समय में पंचायत चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति और एसआईआर जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा की संभावना है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
दिल्ली से पहुंची सीआरपीएफ टीम ने राहुल गांधी के सभी प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। टीम आईटीआई कॉलोनी स्थित राजीव गांधी स्टेडियम भी पहुंची, जहां राहुल गांधी क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे।

Janmat News 
