विश्व साइकिल दिवस पर अमितेश सिंह हुए सम्मानित, स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर शिव-शिवा स्नेह संस्था ने अमितेश सिंह और भरत यादव को सम्मानित किया। कार्यक्रम में साइकिलिंग के स्वास्थ्य लाभ, ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा हुई।

विश्व साइकिल दिवस पर अमितेश सिंह हुए सम्मानित, स्वस्थ जीवन और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
Published By- A.K. Mishra

Reported By - Amitesh Singh 

गाजीपुर/जनमत न्यूज़:- विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर शिव-शिवा स्नेह संस्था की ओर से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्षों से नियमित रूप से साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले अमितेश सिंह और भरत यादव को सम्मानित किया गया। समारोह में वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. राजेश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान साइकिल के बढ़ते महत्व, ईंधन की बचत, स्वास्थ्य लाभ और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मानित साइकिल चालक अमितेश सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पिछले सात वर्षों से नियमित रूप से साइकिल चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से वह दैनिक आवागमन के लिए मुख्य रूप से साइकिल का ही उपयोग कर रहे हैं।

अमितेश सिंह ने बताया कि साइकिल न केवल आर्थिक बचत का माध्यम है, बल्कि विशेषज्ञों के अनुसार यह मधुमेह समेत कई जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव में भी सहायक है। उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में उन्होंने मुश्किल से 10 दिन मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया होगा और स्थानीय यात्रा के लिए पूरी तरह साइकिल पर निर्भर रहते हैं।

कार्यक्रम में वक्ता के रूप में उपस्थित संजय राय ने साइकिल के आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय लाभों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। वहीं शिक्षक बद्रीश श्रीवास्तव ने साइकिल के इतिहास पर चर्चा करते हुए बताया कि जर्मनी में आविष्कार के बाद यह दुनिया भर में आम जनजीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई।

इंजीनियर संजीव गुप्ता ने कहा कि साइकिल चलाने के स्वास्थ्य लाभों के प्रति लोगों को अधिक जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि चिकित्सकों के सहयोग से इस दिशा में व्यापक अभियान चलाया जा सकता है।

मुख्य अतिथि डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि वह स्वयं अपने मरीजों को नियमित साइकिल चलाने की सलाह देते हैं। उनके अनुसार साइकिलिंग मोटापा, मधुमेह और अन्य जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम में प्रभावी भूमिका निभा सकती है।

संस्था के आयोजक उमेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर दिए जा रहे बल को समाज में व्यवहारिक रूप से अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि साइकिल का अधिक उपयोग कार्बन उत्सर्जन कम करने और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

उन्होंने अमितेश सिंह और भरत यादव को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए घोषणा की कि संस्था अगले वर्ष साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए एक बड़े स्तर की प्रतियोगिता आयोजित करेगी। इसके साथ ही शहर के युवाओं के लिए एक समर्पित "साइकिलिंग क्लब" बनाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि साइकिलिंग को सुरक्षित और नियमित गतिविधि के रूप में विकसित किया जा सके।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के उपाध्यक्ष उमेश कुमार श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन संतोष जायसवाल ने किया। समारोह में शीर्षदीप, सुरजीत कुमार, पारस, मुरारी सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।