संभल में नवनिर्मित दबथरा पुलिस चौकी का एसपी ने किया उद्घाटन, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
उप्र के संभल जनपद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जुनावई थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवनिर्मित दबथरा पुलिस चौकी का पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने विधिवत उद्घाटन किया।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जुनावई थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवनिर्मित दबथरा पुलिस चौकी का पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने विधिवत उद्घाटन किया।
इस दौरान एसपी ने पुलिस चौकी परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर कन्याओं को प्रसाद वितरित किया गया और कन्या भोज भी कराया गया।
पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने विधिवत फीता काटकर नवनिर्मित दबथरा पुलिस चौकी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
नई पुलिस चौकी की स्थापना को क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। नवीन दबथरा पुलिस चौकी शुरू होने से क्षेत्रीय नागरिकों को स्थानीय स्तर पर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में भी सहायता मिलने की उम्मीद है।
पुलिस चौकी के माध्यम से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और निगरानी को मजबूत किया जा सकेगा, जिससे आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस तक पहुंचने में सुविधा होगी।
पुलिस चौकी के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने परिसर में पौधारोपण भी किया। पौधे लगाकर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का अहसास कराया।



