अमेठी: मुश्किल घड़ी में मददगार बनी पुलिस, खाते में वापस लौटे रुपये तो खिल उठे चेहरे

उप्र के अमेठी जनपद में गलत क्यूआर कोड के माध्यम से अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हुए 28,550 रुपये को थाना जायस पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में वापस करा दिया।

अमेठी: मुश्किल घड़ी में मददगार बनी पुलिस, खाते में वापस लौटे रुपये तो खिल उठे चेहरे
Published By- Diwaker Mishra

अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट

अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जनपद में गलत क्यूआर कोड के माध्यम से अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हुए 28,550 रुपये को थाना जायस पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में वापस करा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित को काफी राहत मिली है।

पुलिस के अनुसार कौशल टाण्डिया पुत्र मोनीराम टाण्डिया ने थाना जायस में 31 अगस्त  को साइबर अपराध की आधिकारिक वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 30 अगस्त को उससे गलती से गलत क्यू आर कोड स्कैन हो गया,जिसके माध्यम से 28,550 रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए।

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक  सरवणन टी.ने थाना साइबर क्राइम एवं थाना जायस पुलिस को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।निर्देश के क्रम में थाना जायस पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिस बैंक खाते में धनराशि क्रेडिट हुई थी,उसे लीन/फ्रीज कराया।

इसके बाद संबंधित खाते के खाताधारक से वार्ता कर पीड़ित के बैंक खाते में पूरी धनराशि 28,550 रुपये वापस करा दी गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा साइबर क्राइम पर भी ऑनलाइन शिकायत करें।