एटा डीएम ने ARTO दफ्तर का किया औचक निरीक्षण, महत्वपूर्ण दस्तावेजों को किया चेक
उप्र के एटा जनपद में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी अरविन्द सिंह लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं।
एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट
एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी अरविन्द सिंह लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में डीएम ने उप संभागीय परिवहन ARTO कार्यालय का औचक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तैनात कर्मचारियों से संवाद किया साथ ही महत्वपूर्ण पत्रावलियों खंगाली।
आम जनता के आसान तरीके से ड्राइविंग लाइसेंस,वाहन की फिटनेस,दस्तावेज हस्तांतरण आसानी से हो पाए इस पर जिलाधिकारी एटा अरविंद सिंह ने जोर दिया है। साथ ही सरकारी कार्यालयों में संबद्ध आउट सोर्स कम्पनियों की भी जानकारी जुटाई है।
साथ ही जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यालयों में बाहरी व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों पर लगातार वह निगाह बनाए हुए है।चिन्हित कर कठोर कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
दरअसल जिलाधिकारी एटा अरविन्द सिंह अचानक एआरटीओ कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यालय में मौजूद व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने रिकॉर्ड रजिस्टर, फाइलों की स्थिति और आम जनता को दी जाने वाली सेवाओं की जानकारी ली।
इस दौरान डीएम ने कार्यालय में साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी कार्य समय से निपटाए जाएं।
डीएम अरविन्द सिंह ने स्पष्ट तौर पर कहा कि लापरवाही और शिकायतों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए।


