'सरकार के भरोसे नहीं, अभी छोड़ दो ईरान'; अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी की इमरजेंसी एडवाइजरी

अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर चरम पर तनाव देखने को मिल रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने का निर्देश दिया है।

'सरकार के भरोसे नहीं, अभी छोड़ दो ईरान'; अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी की इमरजेंसी एडवाइजरी
Published By- Diwaker Mishra

तेहरान/वाशिंगटन/जनमत न्यूज़। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर चरम पर तनाव देखने को मिल रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने का निर्देश दिया है। अमेरिका का मानना है कि ईरान में अशांति जारी है। सरकार के भरोसे न रहें, वहां से निकलने की योजना खुद बनाएं।

दरअसल, दिसंबर 2025 में ईरान में शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों पर वहां की सरकार की हिंसक कार्रवाई को लेकर ट्रंप द्वारा दी गई धमकी के बाद तनाव बढ़ गया है। अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि नागरिक सरकार की मदद का इंतजार किए बिना अपनी निकासी की योजना खुद बनाएं, क्योंकि स्थिति कभी भी बिगड़ सकती है।

इंटरनेट की रुकावटों के लिए तैयार रहें...

अमेरिकी दुतावास ने स्पष्ट किया है कि ईरान में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को इंटरनेट की निरंतर रुकावटों के लिए तैयार रहना चाहिए। इसलिए, उन्हें संचार के वैकल्पिक साधनों की योजना बनानी चाहिए और यदि ऐसा करना सुरक्षित हो, तो ईरान से सड़क मार्ग से आर्मेनिया या तुर्की जाने पर विचार करना चाहिए।

सुरक्षित स्थान ढूंढें

अमेरिकी दुतावास द्वारा ने अपने नागरिकों को दिए गए सलाह में कहा गया है कि यदि आप बाहर नहीं निकल सकते, तो अपने घर या किसी अन्य सुरक्षित इमारत में सुरक्षित स्थान ढूंढें। अपने पास भोजन, पानी, दवाइयां और अन्य आवश्यक वस्तुएं रखें। प्रदर्शनों से बचें, सतर्क रहें और अपने आसपास के वातावरण के प्रति सचेत रहें।

ट्रंप की धमकी के बाद बढ़ा तनाव

ज्ञात हो कि 1979 की इस्लामी क्रांति और तेहरान में दूतावास बंधक संकट के बाद से ही अमेरिका और ईरान में गहरी दुश्मनी है। वहीं, दिसंबर 2025 के अंत में शुरू हुए व्यापक विरोध आंदोलन पर ईरान की हिंसक कार्रवाई के जवाब ट्रंप द्वारा दी गई धमकी के बाद से तनाव और बढ़ गया है।

ईरान बढ़ते विरोध प्रदर्शन को देखते हुए ट्रंप ने खाड़ी क्षेत्र में विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन और अन्य सैन्य जहाज जनवरी से ही तैनात कर दिए हैं।