अंडर-19 चैंपियंस पर धनवर्षा, टीम इंडिया को 7.5 करोड़ का नकद पुरस्कार देगा BCCI

भारत की अंडर-19 टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद BCCI ने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयन समिति के लिए 7.5 करोड़ रुपये के नकद इनाम का एलान किया है।

अंडर-19 चैंपियंस पर धनवर्षा, टीम इंडिया को 7.5 करोड़ का नकद पुरस्कार देगा BCCI
Published By- Diwaker Mishra

मुंबई/जनमत न्यूज़। भारत की अंडर-19 टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद BCCI ने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयन समिति के लिए 7.5 करोड़ रुपये के नकद इनाम का एलान किया है। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि राशि के बंटवारे का विवरण जल्द तय होगा।

इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड छठा अंडर-19 विश्व कप खिताब जीतने वाली भारतीय टीम पर BCCI ने इनामों की बारिश कर दी है। बोर्ड ने खिलाड़ियों, तकनीकी स्टाफ और चयन समिति के लिए कुल 7.5 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि घोषित की है।

रकम बंटवारे पर काम जारी

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने जानकारी देते हुए कहा, 'जिम्बाब्वे और नामीबिया में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम को 7.5 करोड़ रुपये का कैश अवॉर्ड दिया जाएगा। खिलाड़ियों, तकनीकी स्टाफ और चयन समिति के बीच राशि के बंटवारे पर काम चल रहा है, लेकिन कुल इनाम 7.5 करोड़ रुपये ही होगा।'

फाइनल में भारत का दबदबा

हरारे में खेले गए फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया। 14 साल के वैभव सूर्यवंशी के शतक ने टीम की जीत की नींव रखी। कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू ने 40 रन का अहम योगदान दिया। भारत ने 411/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जवाब में इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन मिडिल ऑर्डर बिखर गया। कालेब फाल्कनर के 115 रन भी टीम को हार से नहीं बचा सके। इंग्लिश टीम 311 रन पर सिमट गई।

पुरुष और महिला, दोनों खिताब भारत के पास

इस जीत के साथ भारत के पास अंडर-19 पुरुष और महिला, दोनों विश्व कप ट्रॉफियां हैं। यह भारतीय क्रिकेट सिस्टम की मजबूती का बड़ा संकेत माना जा रहा है। भारत ने निकी प्रसाद के नेतृत्व में अंडर-19 टी20 विश्वकप 2025 का खिताब जीता था। तब भारत ने फाइनल में द. अफ्रीका को हराया था।

जल्द आएंगे सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट

सैकिया ने यह भी बताया कि जल्द ही सीनियर पुरुष और महिला खिलाड़ियों के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट पर आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा। इससे पहले उन्होंने टीम को बधाई देते हुए कहा, 'यह शानदार उपलब्धि मजबूत खिलाड़ी विकास प्रणाली, प्रतिस्पर्धी घरेलू ढांचे, बेहतरीन कोचिंग और प्रतिभा पहचान की प्रक्रिया का नतीजा है। आयु वर्ग क्रिकेट हमारी प्राथमिकता है और भविष्य के लिए हम इन नींवों को और मजबूत करेंगे। शाबाश लड़कों, देश को तुम पर गर्व है।'