मुज़फ्फरनगर डीएम की ज़ीरो टॉलरेंस नीति, महिला पीआरडी जवान के उत्पीड़न व अवैध वसूली मामले में जांच के आदेश
उप्र के जनपद मुज़फ्फरनगर में महिला पीआरडी जवान से ड्यूटी के नाम पर अवैध वसूली और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप सामने आने के बाद जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कड़ा रुख अपनाया है।
मुज़फ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुज़फ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के जनपद मुज़फ्फरनगर में महिला पीआरडी जवान से ड्यूटी के नाम पर अवैध वसूली और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप सामने आने के बाद जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कड़ा रुख अपनाया है। डीएम ने मामले को महिला सम्मान और अधिकारों से जुड़ा बताते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।
पीआरडी जवान अंशु तोमर एवं महिला पीआरडी जवान तहसीना ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। महिला जवान ने आरोप लगाया कि ग्राम्य विकास विभाग के वरिष्ठ सहायक सतीश कुमार एवं डीपीआरओ कार्यालय से संबद्ध अजय कुमार द्वारा बार-बार बिना किसी नियम के उसकी ड्यूटी बदली गई, मानसिक दबाव बनाया गया और 1000 रुपये की अवैध मांग की गई। महिला जवान का कहना है कि मांग पूरी न होने पर ड्यूटी हटाने और परेशान करने की धमकी दी जाती थी।
महिला जवान ने प्रार्थना पत्र में स्पष्ट किया कि यह मामला केवल अवैध वसूली तक सीमित नहीं है, बल्कि एक कार्यरत महिला के आत्मसम्मान, सुरक्षा और अधिकारों पर सीधा हमला है। आरोप है कि पूर्व में भी ऐसी शिकायतें की गईं, लेकिन प्रभावशाली अधिकारियों के चलते मामलों को दबा दिया गया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने महिला जवान की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। डीएम ने संबंधित विभागों को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय व कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई न केवल महिला पीआरडी जवान के लिए बल्कि जिले की सभी महिला कर्मियों के लिए एक मजबूत संदेश मानी जा रही है कि उत्पीड़न, दबाव और भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि दोषियों पर कितनी कड़ी कार्रवाई होती है। महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी डीएम की इस सख्ती का स्वागत किया है।

Janmat News 
