प्रतापगढ़ में 18 लाख कैश व चांदी लूट का खुलासा: सर्राफा व्यापारी ही निकला मास्टरमाइंड, तीन गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9.60 लाख रुपये नकद, 3 किलो चांदी, 3 मोबाइल फोन, एक कार और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने एसओजी और संबंधित पुलिस टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

प्रतापगढ़ में 18 लाख कैश व चांदी लूट का खुलासा: सर्राफा व्यापारी ही निकला मास्टरमाइंड, तीन गिरफ्तार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। जनपद में सर्राफा व्यापारी रितेश मौर्या के साथ हुई 18 लाख रुपये नकद और चांदी की कथित लूट की घटना का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि लूट का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि स्वयं सर्राफा व्यापारी रितेश मौर्या ही था। पुलिस ने रितेश मौर्या समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9.60 लाख रुपये नकद, 3 किलो चांदी, 3 मोबाइल फोन, एक कार और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने एसओजी और संबंधित पुलिस टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार रितेश मौर्या भारी कर्ज में डूबा हुआ था। उस पर लगभग 50 लाख रुपये का लोन था और उसकी कार भी फाइनेंस पर थी। इसके अलावा उसने अपने परिचित अनुज दुबे से करीब 3 लाख रुपये उधार लिए थे। चांदी के दाम बढ़ने के दौरान बुकिंग में हुए नुकसान से वह आर्थिक दबाव में था। पुलिस के मुताबिक व्यापारी ने चांदी का बीमा भी करा रखा था। इसी आर्थिक संकट से निकलने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ने की साजिश रची।

जानकारी के मुताबिक अमेठी के रामगंज निवासी रितेश मौर्या 6 फरवरी को अपने कारीगर विकास सोनी के साथ प्रयागराज से चांदी लेने गया था। लौटते समय हाईवे किनारे बाथरूम के बहाने कार रोकी गई। तभी बाइक सवार तीन लोग पहुंचे और 9.60 लाख रुपये नकद तथा 3 किलो चांदी लूटकर फरार हो गए। इस घटना की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में खुलासा हुआ कि यह पूरी घटना पूर्व नियोजित थी। पुलिस के अनुसार रितेश मौर्या ने अपने तीन दोस्तों — अवनीश तिवारी, अनुज दुबे और केट्टन दुबे — को लूट के लिए हायर किया था। उसने खुद अपनी लोकेशन साझा की और योजना के तहत वारदात को अंजाम दिलाया। पुलिस के मुताबिक 3 किलो चांदी रितेश मौर्या की थी, जबकि 9.60 लाख रुपये नकद उसके कारीगर विकास सोनी के थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी नैनीताल चले गए और वहां होटल में ठहरकर पार्टी की। हालांकि लौटने पर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया। तीसरे आरोपी केट्टन दुबे की तलाश जारी है।

पुलिस ने रितेश मौर्या, अवनीश तिवारी और अनुज दुबे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।