'हेरा फेरी-3' पर फिर से लगेगा ग्रहण? साउथ के निर्माता ने इस कारण खटखटाया कोर्ट का दरवाजा

अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल स्टारर कॉमेडी फिल्म 'हेरा फेरी-3' की जब से घोषणा हुई है, यह फिल्म लगातार किसी न किसी कंट्रोवर्सी में फंसती ही जा रही है।

'हेरा फेरी-3' पर फिर से लगेगा ग्रहण? साउथ के निर्माता ने इस कारण खटखटाया कोर्ट का दरवाजा
Published By- Diwaker Mishra

मुंबई/जनमत न्यूज़। अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल स्टारर कॉमेडी फिल्म 'हेरा फेरी-3' की जब से घोषणा हुई है, यह फिल्म लगातार किसी न किसी कंट्रोवर्सी में फंसती ही जा रही है।

साल 2025 में परेश रावल ने यह कॉमेडी फ्रेंचाइजी छोड़ने का फैसला किया था, क्योंकि रिपोर्ट्स की मानें तो वह कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों से खुश नहीं थे। हालांकि, जैसे-तैसे सुलह हुई और वह फिल्म करने के लिए राजी हो गए। लेकिन अब एक बार फिर से 'हेरा फेरी-3' पर मुसीबत आ पड़ी है। साउथ के एक निर्माता ने राइट्स को लेकर मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

एक पार्ट बनाने का मिला था अधिकार

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड' ने मद्रास हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने बताया कि फिरोज नाडियाडवाला के पास 1989 में रिलीज हुई 'रामजी राव स्पीकिंग' के हिंदी रीमेक का सिर्फ पहला पार्ट 'हेरा फेरी' बनाने की अथॉरिटीथी, जिसे प्रियदर्शन ने साल 2000 में डायरेक्ट किया था।

हालांकि, नाडियाडवाला ने साल 2006 में इसका सीक्वल 'फिर हेरा फेरी' बनाया और अब फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म के राइट्स अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस को बेच दिए हैं।

सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड के एमडी, जीपी विजय कुमार ने एचटी सिटी (HT City) से बात करते हुए कहा, "मैंने साल 2022 में 'रामजी राव' के ओरिजिनल निर्माता आदित्य फिल्म्स से 'हेरा फेरी' फ्रेंचाइजी के सारे राइट्स खरीदे थे।

उन्होंने ही मुझे यह बताया था कि फिरोज नाडियाडवाला के पास बस एक ही 'हेरा फेरी' बनाने के राइट्स थे, लेकिन उन्होंने उसका सीक्वल भी बना दिया। उनके पास किसी भी कैरेक्टर का इस्तेमाल करने या सीक्वल और प्रीक्वल बनाने का अधिकार नहीं है।"

'नाडियाडवाला ने धोखाधड़ी की है'

जीपी विजय कुमार से जब यह पूछा गया कि उन्होंने 'फिर हेरा फेरी' के वक्त कोई एक्शन क्यों नहीं लिया? तो उन्होंने कहा "क्योंकि पहली फिल्म प्रियदर्शन ने डायरेक्ट की थी, जिनके हम काफी करीब हैं।

दूसरा पार्ट नीरज वोरा ने बनाया था, उस समय कॉपीराइट होल्डर्स को यह नहीं समझ आया कि हुआ क्या। ओरिजिनल निर्माता और मुझे यह बात काफी समय के बाद समझ आई कि नाडियाडवाला ने धोखाधड़ी की है। उस समय हमने बस यही सोचा कि जो हो गया, वह हो गया।"

अक्षय कुमार के जरिए मेकर्स को लगा पता

जीपी विजय कुमार ने बताया, "हमने यह सोचा था कि हम अगला वर्जन हिंदी में बना लेंगे। उसके लिए हमने अक्षय कुमार को ही अप्रोच किया था, लेकिन तभी हमें यह पता चला कि फिरोज नाडियाडवाला ने राइट्स अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस को बेच दिए हैं। हमने नाडियाडवाला को लीगल नोटिस भेजा था। मेरे पास कोर्ट जाने के अलावा और कोई ऑप्शन नहीं था।"