रायबरेली में कांग्रेस की मनरेगा बचाओ चौपाल, भाजपा पर गरीब विरोधी नीतियों का आरोप
सुशील पासी ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीब विरोधी है और योजनाबद्ध तरीके से गरीबों के हक और अधिकारों पर डाका डाल रही है।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। कांग्रेस पार्टी द्वारा जिले के मोहब्बत नगर में ‘मनरेगा बचाओ चौपाल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री कृष्णा यादव ने की। चौपाल में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बछरावां विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुशील पासी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में निवर्तमान अल्पसंख्यक कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद उमर उपस्थित रहे।
चौपाल को संबोधित करते हुए सुशील पासी ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीब विरोधी है और योजनाबद्ध तरीके से गरीबों के हक और अधिकारों पर डाका डाल रही है। एक ओर लगातार महंगाई बढ़ाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर गरीब और मजलूम लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटकर उन्हें उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनता समय रहते जागरूक नहीं हुई तो भाजपा अपने मंसूबों में सफल हो जाएगी।
सुशील पासी ने कहा कि कांग्रेस ही वह पार्टी है जिसने हमेशा गरीबों, किसानों और नौजवानों के हित में ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों को शिक्षा से वंचित न रहना पड़े, इसके लिए गांव-गांव प्राथमिक विद्यालय खोले गए और इलाज के अभाव में किसी की जान न जाए, इसके लिए सरकारी अस्पतालों की स्थापना की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के पास गरीबों के लिए कोई ठोस और स्थायी जनकल्याणकारी नीति नहीं है।
विशिष्ट अतिथि मोहम्मद उमर ने कहा कि यदि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करें, तो वह दिन दूर नहीं जब भाजपा सत्ता से बाहर होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जन-जन तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।
वहीं निवर्तमान जिला महासचिव अजमल खान ने कहा कि वोट जनता की सबसे बड़ी ताकत है, जिसे भाजपा छीनने की कोशिश कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें और जिनका नाम छूट गया हो, वे तत्काल उसे दर्ज कराएं, ताकि लोकतांत्रिक अधिकार सुरक्षित रह सकें।
कार्यक्रम में निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष शामिद अशरफ, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी अमावा प्रथम शहजादे खान, समाजसेवी गुड्डू खान, पूर्व प्रधान बघैल अतीक अशरफ, पूर्व प्रधान बैखरा मुन्ना यादव, जगदेव पासी, अनिल निर्मल, फूलसेन यादव, राजा रामपाल, अजय पासी, रामसमुझ यादव, सोमनाथ यादव, प्रकाश पासी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Janmat News 
