हाथरस में पत्नी पर पति को कमरे में बंद करने का आरोप, 8 दिन से भूखे-प्यासे होने का दावा; वीडियो वायरल

Hathras News: हाथरस में एक दृष्टिबाधित व्यक्ति ने पत्नी पर कमरे में बंद कर मायके जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने वीडियो जारी कर पुलिस से न्याय और सुरक्षा की मांग की है। मामले की जांच जारी है।

हाथरस में पत्नी पर पति को कमरे में बंद करने का आरोप, 8 दिन से भूखे-प्यासे होने का दावा; वीडियो वायरल
Published By- A.K. Mishra

Reported By- Homesh Mishra 

हाथरस/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से पति-पत्नी के विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के विजयनगर स्थित जागेश्वर मंदिर के पास रहने वाले एक दृष्टिबाधित (दिव्यांग) व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का दावा है कि उसकी पत्नी उसे कमरे में बंद कर ताले की चाबी लेकर मायके चली गई, जिसके कारण वह कई दिनों से कमरे में फंसा हुआ है।

पीड़ित ने एक वीडियो जारी कर बताया कि वह पिछले आठ दिनों से कमरे में बंद है और उसे भोजन व पानी तक नहीं मिल पा रहा है। उसने आरोप लगाया कि वह पिछले सात वर्षों से पत्नी की प्रताड़ना झेल रहा है और अब उसकी जान को खतरा महसूस हो रहा है।

वीडियो में पीड़ित ने प्रशासन और पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए खुद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा पत्नी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उसने कहा कि उसकी शारीरिक स्थिति और दृष्टिबाधित होने के कारण वह स्वयं बाहर निकलने में असमर्थ है।

यह मामला हाथरस के सदर कोतवाली क्षेत्र के विजयनगर स्थित जागेश्वर मंदिर के पास का बताया जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।

फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान या आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है। मामले की सत्यता और परिस्थितियों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगी।